मथुरा/टाउनशिप। फरह थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर अंडरपास के पास किसी वाहन की चपेट में आने से मृत महिला की मंगलवार को पति ने शिनाख्त कर ली। शिनाख्त के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया ।
थाना रिफाइनरी के गांव बाद निवासी खेलन सिंह ने बताया कि उनकी चाची सोन देवी (54) सोमवार को बेटे राजू की दवा देने के लिए आगरा गईं थीं। पिछले तीन साल से राजू का आगरा के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय से इलाज चल रहा है। पूर्व में भी वह आगरा जाती थी और दवा लेकर लौट आती थीं। सोमवार की शाम तक जब नहीं लौटी तो परिजन को चिंता हुई।
मंगलवार सुबह वह पहले रिफाइनरी थाने पहुंचे। यहां से उन्हें फरह थाने भेजा गया। फरह पुलिस ने कपड़े व सामान को दिखाया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां महिला के शव को देख शिनाख्त कर ली। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजन को सौंप दिया गया।