मथुरा। ट्रेनों में यात्रियों से जहरखुरानी करके उनसे सामान चोरी करने वाले पकड़े।
- फोटो : mathura
मथुरा। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर उनके सामान को पार करने वाले दो शातिर जहरखुरानों को जीआरपी और आरपीएफ की विशेष टीम ने गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से यात्रियों से चोरी किए सामान के साथ नशीली गोलियां बरामद कीं हैं।
दिल्ली और भोपाल रूटों पर जाने वाली ट्रेनों में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही थीं। एसपी रेलवे अभिषेक वर्मा ने विशेष चेकिंग टीम का गठन किया। जीआरपी थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक ललित कुमार, उप निरीक्षक शिवपाल सिंह के नेतृत्व में टीम जंक्शन के तीसरे प्रवेश द्वार पर रविवार की सुबह चेकिंग कर रही थी। तभी दो संदिग्धों को टीम ने रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी में उनके कब्जे से नशीली गोलियां और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में उन्होंने अपने नाम जिला इटावा थाना चौबिया ग्राम बरालोकपुर निवासी आमिर व साबिर अली उर्फ बच्चा बताया। पूछताछ में आमिर के कब्जे से एक मोबाइल फोन के अलावा नशीली गोलियों का पत्ता व साबिर अली उर्फ बच्चा के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। आमिर के खिलाफ जहरखुरानी, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के 10 मुकदमे दर्ज हैं। साबिर अली के खिलाफ 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़े गए दोनों लोग शातिर जहरखुरान हैं। विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया।