वृंदावन के सुनरख रोड पर जीवा वैदिक संस्थान में हरे पेड़ काटने के मामले में दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि संस्थान के मालिक और उनके साथी की तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है।
वन रक्षक जयवीर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार शाम 4 बजे उन्हें फोन से सूचना मिली थी कि सुनरख रोड पर जीवा वैदिक संस्थान में हरे पेड़ काट दिए गए हैं। वह अपने साथ पदम सिंह के साथ मौके पर पहुंचे तो आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। यहां पर स्थानीय लोगों ने जीवा वैदिक संस्थान के मालिक और उनके साथ के अलावा दो अज्ञात लोगों द्वारा हरे पेड़ काटना बताया। उसी के आधार पर पेड़ों की गिनती की गई तो करीब 50 हरे पेड़ और झाड़ियों को काटना मौके पर पाया गया।
वृंदावन कोतवाली में तहरीर पर संस्थान के मालिक डॉ. सत्यनारायण दास और विष्णु दास और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। हालांकि पुलिस के हाथ मालिक व उसका साथी तो नहीं लग सका पर पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अनुराग शुक्ला और लकुट हैं। इनके खिलाफ हरे वृक्ष काटने का मामला दर्ज है।