कोसीकलां (मथुरा)। पुलिस ने पिछले दिनों दुकानों में हुई दो वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया सामान सहित नशीला पदार्थ बरामद हुआ है।
पिछले दिनों दो अलग-अलग दुकानों के ताले चटकाकर हजारों रुपये का सामान चोरी हुआ था। शुक्रवार रात पुलिस को ईदगाह तिराहे के समीप कुछ संदिग्धों के होने की सूचना मिली। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगे तो उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपियों से पूछताछ की तो सरायशाही से विष्णु अग्रवाल एवं मुख्य बाजार में ओमप्रकाश बिसारती की दुकान से चोरी की वारदात को कबूला।
उन्होंने होडल हरियाणा निवासी कल्लू उर्फ कुंवरपाल एवं होडल के नया नगला निवासी अरुण बताया। सीओ आशीष शर्मा ने बताया कि नशे का शौक पूरा करने के लिए आरोपियों ने इन वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने निशानदेही से दुकानों से चोरी हुए कुछ सामान के साथ आला नकब एवं शटर तोड़ने का सामान भी बरामद किया है।