गोवर्धन (मथुरा)। महामंत्र जप के साथ सिर मुड़ाकर मुड़िया संत तैयार हैं। 13 जुलाई को चकलेश्वर के राधा श्याम सुंदर मंदिर से संत वाद्य यंत्रों की धुनों पर भक्ति नृत्य करते हुए पौराणिक मुड़िया शोभायात्रा के साथ मानसी गंगा की परिक्रमा को निकलेंगे।
मुड़िया पूर्णिमा के उपलक्ष्य में पूज्यपाद सनातन गोस्वामी की याद में 13 जुलाई की सुबह 10 बजे चकलेश्वर के राधा श्याम सुंदर मंदिर से महंत रामकृष्ण दास महाराज के निर्देशन में वाद्य यंत्रों के साथ नृत्य करते शोभायात्रा मानसी गंगा की परिक्रमा लगाते निकाली जाएगी। मंदिर में सुबह सनातन की गुरु शिष्य परंपरानुसार रामकृष्ण दास अनुयायी शिष्यों को गुरु दीक्षा ग्रहण कराएंगे।
मुड़िया शोभायात्रा से पहले सोमवार को महंत राम कृष्ण दास के निर्देशन में हरेकृष्ण, हरेराम नाम का जप कर मुड़िया संत सिर मुड़ा कर शोभायात्रा के लिए तैयार हैं। मंदिर में दिल्ली हरियाणा, राजस्थान, विहार, मध्यप्रदेश से महंत के शिष्य गोवर्धन पहुंच गए हैं। मुड़िया संत रामकृष्ण दास ने बताया कि सोमवार को महामंत्र जाप के साथ संतों ने सिर मुंडन कराया है। 13 जुलाई को सुबह शिष्यों को गुरु दीक्षा कार्यक्रम आयोजित होंगे, इसके उपरांत 10 बजे मुड़िया यात्रा निकाली जाएगी।