मथुरा। छत्तीसगढ़ कुंज में आयोजित होने जा रही श्रीमद्भागवत कथा का आमंत्रण पत्र।
- फोटो : matthura
वृंदावन। छत्तीसगढ़ कुंज आश्रम में 13 से 19 अगस्त तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान तुलसीपीठाधीश्वर जगतगुरु रामभद्राचार्य महाराज कराएंगे। कथा आयोजन की तैयारियां शुरू हो गईं हैं।
इस संबंध में रविवार को आश्रम परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में महामंडलेश्वर गोपी कृष्ण दास महाराज ने बताया कि यह आयोजन महंत राम बलीदास महाराज की स्मृति में किया जा रहा है। मंदिर में विराजमान ठाकुर मथुरामल महाराज का वार्षिक उत्सव भी धूमधाम से मनाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन आश्रम के उत्तराधिकारी महंत रामचंद्र दास महाराज के नेतृत्व में होगा। वह मंदिर की सेवा-पूजा और अन्य धार्मिक प्रकल्पों को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं। 19 अगस्त की संध्याकालीन बेला में एक विद्वत संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें वृंदावन सहित देशभर के अनेक विद्वानों की उपस्थिति रहेगी। उत्सव के दौरान प्रत्येक संध्या को जानी-मानी सांस्कृतिक हस्तियां ठाकुरजी के समक्ष भक्ति संगीत एवं अन्य प्रस्तुतियां देंगी।
समाजसेवी पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ, स्वामी नारायण आचार्य महाराज, बालकिशन शर्मा, लक्ष्मण दास नागा, राघव दास, ईश्वर रावत, लखन आदि मौजूद रहे।