कोसीकलां। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रहे बिजली फॉल्ट ने नगरवासियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल संकट भी गहराने लगा है। कई मोहल्लों में 20 घंटों तक पानी की आपूर्ति ठप रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रविवार की रात्रि में करीब 9 बजे नगर पालिका जलकल संस्थान के तारा बाग स्थित नलकूप पर बिजली खराब हो गई। नलकूप नही चलने से खेड़ा पानी टंकी नही भर सकी, जिससे ब्राह्मणपुरी, शेखान, कच्ची मंडी, तांगडा बिहारीपुरा, तेलीपाडा, तालाबशाही, सराफा बाजार, वाल्मीकि बस्ती, सैनी बस्ती समेत मोहल्लों की जलापूर्ति प्रभावित हो गई। घरों तक पानी नहीं पहुंचा। सुबह से ही लोग पानी के लिए परेशान रहे और वैकल्पिक व्यवस्था करने को मजबूर हो गए। नगर पालिका जलकल संस्थान के कर्मचारियों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद बिजली सही नही की। कर्मचारी गुमराह करते रहे। सोमवार को चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने बताया कि एक्सईएन एसपी सिंह को अवगत कराने के बाद बिजली सही हो सकी।
विजय शर्मा, जयप्रकाश, लोकेश आदि ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार बिजली फॉल्ट और बार-बार हो रही कटौती के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बिजली बाधित होते ही नलकूप बंद हो जाते हैं, जिससे पेयजल संकट और गहरा जाता है। उधर, एक्सईएन एसपी सिंह ने बताया जैसे ही नलकूप पर फॉल्ट होने की जानकारी मिली तुरंत टीम को भेजकर फाल्ट सही करा दिया गया।