बलदेव। नगर पंचायत की मेला मैदान में बनी ट्यूबवेल की कोठरी सोमवार दोपहर अचानक तेज आवाज के साथ भरभरा कर जमीन में धंस गई। दो कर्मचारी बाल बाल बच गए। दस फुट ऊंची कोठरी मलबे में तब्दील हो गई। ट्यूबवेल की मोटर व अन्य सामान जमीन में समा गए। इससे नगर में पानी की व्यवस्था फिलहाल ठप हो गई है।
दोपहर एक बजे तेज आवाज से चारों ओर सनसनी फ़ैल गई। दो कर्मचारी मनीष शर्मा व रामप्रकाश दुबे दूरी पर अपना काम कर रहे थे। मनीष व रामप्रकाश ने बताया कि आंखों के सामने ही कोठरी भरभरा कर जमीन में धंस गई। नगर में पेयजल सप्लाई चालू होने में समय लगेगा।
हालांकि एक नया ट्यूबवेल पास ही में बन कर तैयार है, लेकिन तकनीकी कमी के चलते वह चल नहीं पा रहा है। ईओ संजय कुमार ने बताया कि ट्यूबवेल की गारंटी खत्म हो गई है। दोपहर कोठरी भरभरा कर गिर गई। नया ट्यूबवैल तैयार है। पंप की खराबी के चलते अभी उसमें समय लगेगा, तभी नगर में पानी की सप्लाई चालू हो सकेगी। संवाद