यूपी ट्रैवल राइटर्स कान्क्लेव 2016 के अंतर्गत देश-विदेश से आए सैलानी और लेखक गुरुवार को ब्रज भ्रमण पर वृंदावन पहुंचे। इस दौरान आए यात्रियों ने ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, जयपुर मंदिर, गोविंददेव मंदिर आदि के दर्शन करने के साथ ब्रज संस्कृति और प्राचीन धर्म-परंपराओं के बारे में जानकारियां हासिल कीं।
यूपी ट्रैवल राइटर्स कान्क्लेव 2016 के अंतर्गत आए यात्रियों के दल का नेतृत्व कर रहे जिला पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि दल में यूएसए, इटली, जर्मनी, यूरोप से आए लेखक सहित एनआरआई भारतीय भी शामिल हैं। उत्तरप्रदेश शासन ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से यूपी ट्रैवल राइटर्स कान्क्लेव का आयोजन किया है।
इसके माध्यम से देश-विदेश से आए लेखकों को प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक महत्व की अनेक धरोहरों की जानकारी दी जा रही है। प्रदेश की सामाजिक विरासत खानपान, जीवनशैली, मेहमान नवाजी आदि के बारे में बताया जा रहा है।
जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि यूपी ट्रैवेल राइटर्स कान्क्लेव के तहत 14 से 16 अक्तूबर तक के आयोजन में देश-विदेश के 40 से अधिक ट्रैवेल राइटर तीन समूहों में आगरा, बनारस, लखनऊ, इलाहाबाद मंडलों में यात्रा कर रहे हैं। इस अवसर पर ऐना, डैरिक, मार्क, अभिषेक, एलेक्स आदि उपस्थित थे।