मथुरा। किसानों के आंदोलन का बड़ा असर शहर के ट्रांसपोर्ट कारोबार पर भी पड़ा है। मथुरा से जाने वाले लगभग सभी रास्तों पर जाम के हालात हैं। माल लदी गाड़ियां जाम में फंसी हैं।
मथुरा से चांदी, साड़ी, टोंटी, पान मसाला, पोशाक आदि की सप्लाई देशभर में है। लॉकडाउन के बाद कारोबार ने रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन किसानों के आंदोलन के चलते गाड़ियां खड़ी हो गईं। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को माल समय से न पहुंचने की चिंता सता रही है। इसी तरह सर्दी के मौसम में मथुरा पहुंचने वाली गर्म कपड़ों तथा अन्य सामान की गाड़ियां भी जाम में फंसी हैं। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के अनुसार दिल्ली, पानीपत, सोनीपत, होडल समेत कई स्थानों पर गाड़ियां खड़ी हो गई हैं।
किसानों के आंदोलन का बड़ा असर ट्रांसपोर्ट पर पड़ा है। लॉकडाउन के बाद कारोबार की रफ्तार बढ़ी थी, लेकिन के आंदोलन ने फिर चक्का जाम कर दिया। मथुरा से निकलने वाले लगभग सभी रास्तों पर माल लदे वाहन फंसे हैं।
- धरमवीर फौजी, अध्यक्ष ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मथुरा
पिछले तीन दिन से ट्रांसपोर्ट का कारोबार ठप पड़ा है। पानीपत, सोनीपत, दिल्ली तथा हरियाणा के कई स्थानों पर गाड़ियां खड़ी हैं। माल समय से नहीं पहुंच सकेगा। सरकार को इस संबंध में जल्द निर्णय लेना चाहिए।
- बबलू अग्रवाल, सचिव ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मथुरा