लक्ष्मी गौतम ट्रांसफार्मिंग इंडिया कांटेस्ट में
नीति आयोग, यूनाइटेड नेशंस इन इंडिया और माईजीओवी के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुए वूमेन ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया कांटेस्ट के लिए चयनित 25 प्रतिभागियों में नगर की डॉ. लक्ष्मी गौतम को भी शामिल किया गया है। इसके लिए पूरे देश से करीब 1000 महिलाओं की कहानी आई थीं।
भारत सरकार की वेबसाइट माईजीओवी डॉट इन पर शुरू किए गए इस कांटेस्ट के लिए चयनित की गई सभी 25 प्रतिभागियों के लिए अभी 14 मई तक वोटिंग जारी है। इसमें स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों के नाम की समीक्षा नीति आयोग द्वारा चयनित की गई कमेटी करेगी।
प्रतियोगिता की विजेता के नाम की घोषणा कुछ सप्ताह बाद दिल्ली में आयोजित होने वाले एक समारोह में की जाएगी। कनकधारा फाउंडेशन की संस्थापिका डॉ. लक्ष्मी गौतम मुख्य रूप से विधवा और बेसहारा महिलाओं के जीवन उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं।