मथुरा। नई दिल्ली से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के बीच चलने वाली ताज एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार को दिल्ली के सरिता विहार इलाके के पास हादसे का शिकार हो गई। इसके कारण मथुरा जंक्शन पर कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं, इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि ताज एक्सप्रेस की तीन बोगियों में आग लग गई थी। आग बुझाने के बाद तीनों बोगियों को हटाकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस घटना की वजह से ताज एक्सप्रेस करीब साढ़े 12 घंटे की देरी से मथुरा पहुंची। जबकि यह ट्रेन सुबह 8 बजकर 35 मिनट पर मथुरा जंक्शन पहुंचती है, लेकिन ट्रेन रात 9 बजे आई। ट्रैक बाधित होने की वजह से मथुरा रूट पर आने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से एक से दो घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंचीं।
इनमें ग्वालियर आगरा इंटरसिटी करीब 2 घंटे, जबलपुर गोंडवाना करीब 2 घंटे, गाजियाबाद मथुरा ईएमयू करीब 2 घंटे, अगस्त क्रांति करीब 2 घंटे, मेवाड़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब 1 घंटे, कुर्ज एक्सप्रेस करीब 2 घंटे, बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस करीब 1 घंटे, यूपी संपर्क क्रांति करीब 1 घंटे की देरी से मथुरा जंक्शन पर पहुंची। इसके अलावा शकूरबस्ती मथुरा ईएमयू स्पेशल, मुंबई सीएमएसटी एक्सप्रेस, इंदौर इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस और दक्षिण एक्सप्रेस ट्रेन निर्धारित समय से देरी से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से गंतव्य के लिए रवाना हुई।
ट्रेनें लेट होने की वजह से जंक्शन रेलवे स्टेशन पर देर रात तक यात्रियों की भारी भीड़ लगी रही। उनकी ट्रेन कब जंक्शन पहुंचेगी इसकी जानकारी करने के लिए यात्री रेलवे एप पर लगातार नजर बनाए नजर आए। स्टेशन निदेशक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे की वजह से कुछ ट्रेनें लेट आईं। हालांकि जंक्शन पर यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी।