धर्मनगरी की सड़कों पर शनिवार को दिनभर जाम लगा रहा। इससे बाहरी श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस की व्यवस्था कहीं दिखाई नहीं दी। इससे सुबह से लेकर शाम तक जाम लगा रहा।
जाम का सबसे अधिक असर प्रेम मंदिर, इस्कॉन मंदिर मार्ग, हरिनिकुंज चौराहा, विद्यापीठ चौराहा, अटल्ला चुंगी, परिक्रमा मार्ग, गांधी मार्ग आदि इलाकों में देखा गया। स्थानीय निवासी रामू, विवेक महाजन का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस की शहर में जगह-जगह ड्यूटी लगाने की बात कही जाती है, लेकिन वह कहीं दिखती ही नहीं है। कोतवाली प्रभारी उदयवीर सिंह मलिक ने कहा कि पुलिस नगर में नो एंट्री व्यवस्था को फिर से लागू करने पर विचार कर रही है।