गुरुवार की सुबह मथुरा शहर के लोगों के लिए जाम से जूझने वाला रहा। ऐसा भाजपा, रालोद और कांग्रेस के रोड शो के चलते शहर में लगे जाम से हुआ। जिधर चले जाओ, उधर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। हर कोई पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था को कोसता दिखा। सवेरे से लगे जाम से शहरवासियों को दोपहर बाद ही राहत मिल सकी।
सवेरे घर से निकले नौकरीपेशा, स्कूली छात्र एवं कामकाजी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घटों जाम में फंसे वाहन रेंग-रेंगकर चले। छात्र-छात्राएं और नौकरीपेशा लोग देरी से पहुंच सके।
शहर के डीगगेट, दरेसी रोड, भरतपुर गेट, कोतवाली रोड, घीयामंडी, चौक बाजार, गुड़हाई बाजार, डोरी बाजार, स्वामीघाट, विश्राम बाजार, छत्ता बाजार, होलीगेट, मथुरा-आगरा रोड, केआर डिग्री कालेज मार्ग आदि पर जाम ही जाम नजर आया।