मंडी परिसर में बारिश के बाद जलभराव से हुई कीचड़।
मथुरा। रविवार को हुई बारिश के बाद नवीन कृषि उत्पादन मंडी में जगह-जगह जलभराव हो गया है। इससे आढ़तियों और व्यापारियों को कारोबार में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी परिसर में पानी और कीचड़ जमा होने के कारण फुटकर विक्रेताओं को भी खासी दिक्कतें हो रही हैं। कई स्थानों पर व्यापारी और विक्रेता कीचड़ के बीच खड़े होकर सब्जी बेचने के लिए मजबूर हैं। मंडी में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। वहीं, मंडी परिसर में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी की समस्या रहती है।
मजदूरों और पल्लेदारों का कहना है कि जलभराव से यहां मच्छरों का प्रकोप रहता है। आढ़ती तसव्वुर हुसैन ने बताया कि मंडी में जलभराव के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। पानी और कीचड़ के बीच सब्जी की खरीद-बिक्री करनी पड़ रही है। मंडी में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, ताकि बारिश के बाद पानी जमा न हो। आढ़ती मो. मोहसिन का कहना है कि मंडी परिसर में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी बनी हुई है। जलभराव के कारण मच्छर पनप रहे हैं।
-
जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। कार्यदायी संस्था ने पूरी नाप-जोख कर ली है। बारिश बंद होने के बाद कार्य शुरू होने की उम्मीद है। - रेनू वर्मा, सचिव