मथुरा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा आयोजित बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा 15 जून को होगी। परीक्षा के लिए जनपद में 11 केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने मंगलवार को बैठकर केंद्र व्यवस्थापकों के आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा में 5165 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, प्रश्न पत्रों के रखरखाव आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। कोई कमी है तो उसे पूर्ण कराएं। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 9 से दोपहर 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक संपन्न होंगी।
परीक्षा के लिए 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सभी केंद्रों पर 11 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गईं हैं। प्रश्न पत्र एवं ओएमआर शीट स्टेटिक मजिस्ट्रेट के सामने खोले जाएंगे। परीक्षार्थियों से ओएमआर शीट की प्रथम एवं द्वितीय कॉपी जमा कराई जाएगी। तृतीय कॉपी परीक्षार्थी अपने साथ ले जाएगा। सभी परीक्षार्थियों से मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा केंद्रों पर जमा कराए जाएंगे। गेट पर ही परीक्षार्थियों की जांच की जाएगी। उनकी उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन से की जाएगी। जिलाधिकारी ने केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय शंकर दुबे, मुख्य कोषाधिकारी संतोष कुमार कुशवाहा, डिप्टी कलेक्टर निकेत वर्मा, संत पवार, नीतू रानी व आदेश कुमार, तहसीलदार सदर व महावन, डीआईओएस भास्कर मिश्रा, कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।