मथुरा के देहात क्षेत्र बलदेव और फरह में पहुंचा टिड्डी दल।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। एक बार फिर टिड्डी दल का मथुरा की तरफ रुख हुआ। बलदेव, नौहझील और फरह के गांवों में टिड्डी दल को देखा गया, पर नुकसान का फिलहाल कोई भी अनुमान नहीं है। रविवार को टिड्डी दल का हमला मथुरा के नौहझील में हुआ। पर बिना नुकसान के इस दल का रुख अलीगढ़ की तरफ हो गया।
सोमवार को एक बार फिर टिड्डी दल ने हमला किया। इससे नौहझील के कई गांव में जरूर टिड्डी दल पहुंचा पर कोई नुकसान नहीं हो सका। बलदेव के गांव गढ़सौली, मढ़ौरा, अकबर गढ़ी, भुढ़ा, बरौली समेत एक दर्जन गांव में टिड्डी दल के हमले से किसान काफी चिंतित रहे।
टिड्डी दल को भगाने के लिए किसान पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दिए। भाकियू जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर ने बताया कि किसान टिड्डी दल के हमले से परेशान है। इसके लिए जिला प्रशासन को व्यवस्था करनी चाहिए।
नुकसान तो हुआ, पर टिड्डी दल को भगाने के बाद ही इसका आकलन हो सकेगा। यही हाल फरह के कई गांवों का रहा है। यहां भी टिड्डी दल का खौफ साफ दिखा। हालांकि नुकसान कितना हुआ, इसका आंकलन किया जाना जल्दबाजी होगी, पर नुकसान तो हुआ है।