छह माह पहले भी हुआ था हादसा
छह माह पहले नंदगांव रजबहा की टूटी पुलिया में कार गिरने के बाद भी अफसर नहीं चेते। तब कार सवार युवक-युवती की मौत हुई थी। सोमवार को एक कार फिर रजबहा में गिर गई। इससे तीन युवकों की मौत हो गई। यदि पुलिया की दीवार सही होती तो शायद सोमवार रात को कार रजबहा में डूबने से तीन युवकों की मौत नहीं होती।
कोसी- कामर मार्ग पर गांव हुलवाना के पास नंदगांव रजबहा पर पुलिया की दीवार कई वर्षो से टूटी पड़ी है, इसे सही कराने के लिए ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से गुहार लगाई। लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात रहे। पुलिया के दोनों ओर सुरक्षा दीवार नही हैं। नियम है कि पुलिया के दोनों ओर रेडियम की पट्टियों से संकेतक बनवाने के साथ खतरे का निशान बना होना चाहिए। लेकिन, यहां ऐसा कुछ भी नहीं है।
इस मार्ग से गुजरने वाले तेज रफ्तार वाहन अक्सर अनियंत्रित होकर रजबहा में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। अगर पुलिया पर संकेतक होता तो शायद तीन युवकों को अपनी जान न गंवानी पड़ती। तीनों युवकों के छोटे-छोटे बच्चे, पत्नी एवं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।