मांट के भीम गांव में सोमवार दोपहर को कोल्डस्टोर की दीवार गिरने से पिता-पुत्र और एक महिला की मौत हो गई। ये सभी बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य में लगे थे। अचानक भरभराकर दीवार इनके ऊपर गिर गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह मलवा हटाकर तीनों शवों को बाहर निकाला। मरने वाले पिता-पुत्र बिहार में पूर्णिया जिले के रहने वाले थे।
मांट से करीब दो किलोमीटर दूर भीम गांव में सड़क किनारे भगवती कोल्डस्टोर है। इस कोल्डस्टोर में चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। बिहार में पूर्णिया जिले के गांव बरहेटा निवासी जहांगीर नदाफ (50) अपने बेटे शमशाद नदाफ (25) के साथ निर्माण कार्य में लगे थे। भीमगांव निवासी जोगेंद्र सिंह की पत्नी बसंती भी मजदूरी का कार्य रही थीं। यहां 12 फुट ऊंची दीवार के बगल में एक दूसरी दीवार बनाई जा रही है। इसके लिए खोदी गई नींव में पानी भर गया था।
ये तीनों दीवार की नींव भर रहे थे कि अचानक दीवार गिर गई। जहांगीर, शमशाद और बसंती के दबने पर आसपास के लोगों ने शोर मचा दिया। लोग दौड़कर पहुंचे और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। तब तक जहांगीर, शमशाद और पत्नी बसंती की मौत हो चुकी थी। महिला के परिवार वाले मौके पर आ गए। सूचना पाकर एसपी देहात अनिल कुमार सिंह और एडीएम प्रशासन अजय कुमार अवस्थी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है।
बिना पिलर के बनाई 12 फुट दीवार
दरअसल जो दीवार मजदूरों के ऊपर गिरी है वह बेहद कमजोर बताई गई है। लोगों का कहना है कि 12 फुट ऊंची दीवार बिना किसी पिलर के खड़ी कर दी गई। कहीं कोई सपोर्ट नहीं था। यही कारण रहा कि जब उसके बगल में दूसरी दीवार के लिए नींव खोदी गई तो दीवार भरभराकर गिर पड़ी। जिस वक्त दीवार गिरी उस समय वहां बीस से अधिक मजदूर काम कर रहे थे।