अपहरण के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया था। इसमें दरोगा घायल हो गए थे। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। आरोपी के पैर गोली लगी है।
थाना डीग के गांव इकलैरा में फरार आरोपियों की तलाश में पहुंची थाना गोवर्धन पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी संजय को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। जबकि दो आरोपियों को थाना डीग पुलिस ने दिन में गिरफ्तार कर लिया था।
विज्ञापन
शनिवार रात कुंजीलाल तिराहा पर थाना गोवर्धन पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस के रोकने पर फायर कर दिया और बाईपास की ओर भागे। पुलिस टीम ने पीछा कर जब उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। दूसरा बदमाश अंधेरे में भाग गया। गिरफ्तार आरोपी संजय उर्फ आकाश गांव इकलैरा राजस्थान में गोवर्धन पुलिस टीम पर हुए हमले में शामिल था। बता दें, 5 दिसंबर को गोवर्धन पुलिस अपहरण के वांछित आरोपी को पकड़ने इकलैरा गांव गई थी। गिरफ्तारी के दौरान संजय ने अपने साथियों के साथ पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। इसमें थाना गोवर्धन के उप निरीक्षक नितिन त्यागी घायल हो गए थे। आरोपी के पास से एक तमंचा, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, एक बाइक बिना नंबर की बरामद हुई है।