मथुरा। अक्षय तृतीया पर वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के दर्शन कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। श्रद्धालुओं के वाहनों से यातायात प्रभावित न हो इसके लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए 23 स्थानों पर पार्किंग बनाई गई हैं।
एसएसपी श्लोक सिंह ने बताया कि अक्षय तृतीया पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांकेबिहारी के दर्शन करने के लिए आते हैं। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। जनपद के साथ ही अन्य आगरा, फिरोजाबाद से फोर्स सुरक्षा में तैनात की है। तीन सेक्टर और नौ जोन में वृंदावन को बांटकर सुरक्षा व्यवस्था में पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी ने मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की बैठक कर उन्हें दिशा निर्देश दिए।
एसएसपी ने बताया कि श्रद्धालुओं के वाहनों को वृंदावन से बाहर रोक दिया जाएगा। इसके लिए जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था की है। वृंदावन को जाने वाले सभी 10 प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है जो कि बुधवार को अक्षय तृतीया पर्व खत्म होने तक जारी रहेगा।
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों पर प्रतिबंध
छटीकरा से वृंदावन की ओर, छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर मल्टीलेवल पार्किंग स्थल से आगे, वैष्णो देवी पार्किंग से वृंदावन की ओर, रुक्मिणी बिहार गोल चक्कर से वृंदावन की ओर, मथुरा-वृंदावन मार्ग पर सौ सैया से आगे सभी प्रकार के वाहन, वृंदावन कट, पानी गांव से वृंदावन की ओर, पानी घाट तिराहे (यमुना पुल) से परिक्रमा मार्ग की ओर, जैंत कट एनएच-19 से रामताल चौराहा एवं सुनरख रोड की ओर, गोकुल रेस्टोरेंट व मसानी चौराहा से वृंदावन की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
इन मार्गों पर वाहनों का किया डायवर्ट
छटीकरा से वृंदावन होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे जाने वाले वाहन टाउनशिप चौराहा से गोकुल बैराज होते हुए लक्ष्मी नगर तिराहा से निकलेंगे, यमुना एक्सप्रेस-वे वृंदावन कट से एचएच -19 को जाने वाले वाहन राया कट से लक्ष्मी नगर तिराहा से गोकुल बैराज मोड से टाउनशिप चौराहा होते हुए एनएच-19 की ओर जाएंगे।
श्रद्धालु यहां बनी पार्किंग में खड़े करेंगे अपने वाहन
दारुख, पशु पैठ, चौहान पार्किंग पानी घाट, एमवीडीए पानी घाट पार्किंग, पवन हंस हेलीपैड, मंडी, टीएफसी, आईटीआई, सौ-सैया, टीएफसी मैदान, चौहान पार्किंग, मंडी, आईटीआई कॉलेज, ठाकुर पार्किंग, वैष्णो देवी मंदिर पार्किंग आदि स्थानों पर वाहन खड़े करेंगे।