जन-जन के आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज के दर्शन करने के लिए रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। सुबह से शुरू हुआ भक्तों का रेला देरशाम तक जारी रहा। इससे व्यवस्थाएं भी लड़खड़ा गईं। पुलिस और मंदिर के सुरक्षाकर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन
प्रात: 6 बजे से ही ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज के दर्शन करने के लिए भक्तों का वृंदावन आगमन शुरू हो गया। सुबह से लेकर दोपहर 1 बजे बाद तक और शाम को करीब 3 बजे से रात 9 बजे तक निरंतर भक्तों की आवाजाही लगी रही। रविवार की वजह से हर सप्ताह होने वाली दिक्कतों से दो-चार होते हुए नगरवासियों ने जैसे-तैसे दिन गुजारा और भीड़ के बीच घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति की। रात 9 बजे बाद नगर में भीड़ का दबाव कम हुआ।
श्रीबांकेबिहारी जी मंदिर क्षेत्र के निकट की सभी गलियों में भक्तों की भीड़ दिखाई दी। हर ओर ठाकुर बांकेबिहारीलाल एवं राधारानी के जयकारे सुनाई दे रहे थे। अन्य मंदिरों और बाजारों में भी भक्तों की टोलियां दिखाई दीं।