भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा शुक्रवार को वृंदावन पहुंची। यहां उन्होंने ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पूजा अर्चना की। मंदिर सेवायत आचार्य श्रीनाथ गोस्वामी ने उन्हें पूजा-अर्चना कराई।
पत्रकार वार्ता में दीप्ति शर्मा ने कहा कि देश में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए महिला आईपीएल का आयोजन भी होना चाहिए। सुरेश रैना को अपना आइडियल बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत के अंदर शानदार क्रिकेट खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। आईपीएल जैसे टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका अदा करते है।
दीप्ति शर्मा के कोच विपिन अवस्थी ने कहा कि चार साल की दिन रात की कड़ी मेहनत और लगन के बाद ही दीप्ति ने यह मुकाम पाया है। उन्होंने कह कि कौन कहता है कि लड़कियां किसी से कम हैं, दीप्ति को देखकर यह बात झूठी साबित होती है। विपिन अवस्थी ने बताया कि आगरा में उनकी स्टार नेक्स्ट क्रिकेट एकेडमी में कई प्रतिभाएं अभ्यास कर रही हैं। इस अवसर पर विनीत शर्मा के साथ दीप्ति की मां सुशीला शर्मा भी साथ थीं।