मथुरा। जनरलगंज परिक्रमा मार्ग में सोमवार की रात चोरों ने रिटायर्ड बैंक कैशियर के घर का ताला तोड़कर पांच लाख रुपये के जेवरात और नकदी उड़ा दी। वह अपनी भांजी की शादी में दिल्ली गए हुए थे। वारदात की जानकारी मंगलवार की सुबह उनके बेटे ने फोन से दी। उनका बेटा घटना स्थल से दो मकान आगे ही रहता है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
कोतवाली के जनरलगंज परिक्रमा मार्ग निवासी औंकार सिंह अपनी पत्नी के संग भांजी की शादी में दिल्ली गए हुए थे। घटना स्थल से दो मकान छोड़कर रहने वाले बेटे महेंद्र सिंह ने घर का ताला टूटा देखकर दंग रह गए। उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। बेटे ने तुरंत ही पुलिस को मामले की सूचना दी।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना की पड़ताल की। महेंद्र सिंह ने बताया कि 55 हजार रुपये की नकदी और साढ़े चार लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो दो बाइकों पर तीन लोग जाते दिखे, जबकि चार लोग आए थे। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में कैद चोरों की तलाश की जा रही है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
चोरी से पहले स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन काटा
मथुरा। चोरी की वारदात से पहले चोरों ने मोहल्ले में जल रही स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन काट दिए, जिससे आसपास अंधेरा हो गया। उसके बाद चोरी की वारदात के अंजाम दिया।
फारेंसिक टीम भी नहीं पहुंची
चोरी की वारदात के बाद मंगलवार की देरशाम तक फारेंसिक टीम भी नहीं पहुंची थी। हालांकि टीम को सूचना भेज दी गई थी।