गोवर्धन। फर्जी वसीयत बनवा कर किराएदार ने कुछ लोगों के साथ मिलकर एक महिला के मकान को बेच दिया। पश्चिम बंगला की महिला ने भजन साधना के लिए राधाकुंड में मकान खरीदा था। पीड़िता की बहन ने एसएसपी से शिकायत की है। महिला ने पांच लोगों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पश्चिम बंगाल निवासी दीपाली राय वर्ष 2012 में भजन साधना के लिए राधाकुंड आई थीं। उन्होंने यहां नंदरानी से 23 अप्रैल 2012 को मकान खरीदा। उसी में रह कर भजन साधना करने लगीं। इस मकान में उन्होंने सांगानेर जयपुर निवासी राजकिशोर शर्मा को किराए पर कमरा दे दिया। कुछ दिन बाद ही दीपाली राय ने राजकिशोर पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की थी।
इसके बाद वह मकान छोड़ कर भाग गया। इसके कुछ दिन बाद दीपाली राय मकान का ताला लगा कर अपनी छोटी बहन मुक्ति शाह निवासी सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल के यहां चली गई। तीन अगस्त 2020 को दीपाली राय की मायापुरी पश्चिम बंगाल में मौत हो गई। मुक्ति शाह ने बताया कि इसकी जानकारी राजकिशोर शर्मा को हो गई।
उसने मकान की अपंजीकृत फर्जी वसीयत बना कर कृष्णगोपाल मिश्रा निवासी राधाकुंड एवं ओमप्रकाश सिंह निवासी बढ़ौता को मकान बेच दिया। मुक्ति शाह को जब इसकी जानकारी हुई तो वह राधाकुंड आईं। उन्होंने यहां एसएसपी से मिल कर मामले की शिकायत की, इसके बाद राजकिशोर शर्मा, कृष्ण गोपाल मिश्रा, ओमप्रकाश सिंह, गवाह दिनेश पाल सिंह एवं मोनू के खिलाफ़ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।