कोसीकलां। बिजली बिल राहत योजना के तहत बिल में छूट का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। तीन दिन से उपखंड अधिकारी कार्यालय में नहीं आ रहे हैं।
विद्युत उपखंड कार्यालय से कोसीकलां, हरीपुरा, सांचौली, कोटवन, समेत कई उपकेंद्र से पोषित इलाके जुड़े हैं। कई-कई घंटे इंतजार के बाद भी काम न होने से उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार को किसी उपभोक्ता की उपखंड अधिकारी से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद एसडीओ रविवार को कुछ समय के लिए कार्यालय आए, उसके बाद से उनका कोई पता नहीं है। इस संबंध में एसडीओ मनीष कुमार सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया तो बताया कि उन्हें बुखार आने के कारण वे कार्यालय नहीं आ सके हैं। वहीं कोसी डिवीजन के एक्सईएन एसपी सिंह ने बताया कि उनका भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। उपखंड अधिकारी से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। संवाद