मथुरा। टाउनशिप क्षेत्र की नरसीपुरम कॉलोनी में अब लोगों को जर्जर सड़क और जलभराव की परेशानी से राहत मिलेगी। एमवीडीए ने यहां आरसीसी सड़क और नाले के निर्माण की योजना बनाई है। इस कार्य में करीब 1.41 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
अधिकारियों के अनुसार, बरसात के दौरान कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इससे बच्चों और बुजुर्गों को राह चलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जर्जर नालियों का पानी गलियों में बहता है, इससे जलभराव की स्थिति हमेशा बनी रहती है। स्थानीय लोगों की मांग के बाद क्षेत्रीय अवस्थापना निधि से एमवीडीए ने कार्य कराने की योजना बनाई है। एमवीडीए उपाध्यक्ष एसबी सिंह ने बताया कि प्रस्तावित योजना पर शासन से मंजूरी मिल गई है। जल्दी ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कार्य पूरा होने के बाद जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और कॉलोनी की सुंदरता भी बढ़ेगी।