मथुरा। शहर के विभिन्न निजी स्कूलों में इन दिनों छमाही परीक्षाओं और यूनिट टेस्ट का दौर चल रहा है। ये परीक्षाएं न केवल छात्रों की काबिलियत दर्शाएंगी, बल्कि भविष्य की दिशा भी तय करेंगी। खासकर नवीं और 11वीं कक्षा के छात्रों के लिए ये परीक्षाएं अग्निपरीक्षा से कम नहीं होंगी।
शिक्षक मुकेश शर्मा का कहना है कि छमाही परीक्षा छात्रों को अपनी ताकत और कमजोरियों को पहचानने का सुनहरा अवसर है। इन परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर छात्र और शिक्षक दोनों ही यह समझ पाते हैं कि किन विषयों या बिंदुओं पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। उनकी तैयारी के स्तर पहचानने का मौका होता है कि बोर्ड परीक्षा में कितनी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपने प्रदर्शन का ईमानदारी से विश्लेषण करना चाहिए और कमजोर विषयों पर काम करना शुरू कर देना चाहिए।
अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण
इस प्रक्रिया में अभिभावकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्हें बच्चों पर अच्छे अंक लाने के लिए अनावश्यक दबाव नहीं बनाना चाहिए। उनकी कमजोरियों को समझने और उन्हें दूर करने में मदद करें। एक सकारात्मक और सहयोगी माहौल छात्रों को प्रोत्साहित करता है। ये परीक्षाएं केवल अंक हासिल करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह छात्रों के लिए आत्म-सुधार और भविष्य की परीक्षाओं के लिए एक मजबूत रणनीति बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर हैं।