घना कोहरा होने के कारण रेल यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। कोहरा ऐसा कि रेल प्रशासन का एंटी फॉग सेफ्टी डिवाइस भी नाकाफी साबित हो रहा है। यही वजह है कि ज्यादातर ट्रेनें लेट चल रही हैं।
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रविवार को सचखंड 5 घंटा 33 मिनट देरी से पहुंची। इसके अलावा महाकौशल समेत करीब एक दर्जन ट्रेनें लेटलतीफी का शिकार हो गईं।
विज्ञापन
कड़ाके की सर्दी और घना कोहरा होने से रेल यात्रियों को खासी दिक्कतें हो रही हैं। ट्रेनें घंटों देरी से पहुंच रही हैं। स्टेशन पर बैठे यात्री ठंड से ठिठुरते नजर आते हैं। अमृतसर से नांदेड़ जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर ढाई बजे तक मथुरा जंक्शन पर आती है, लेकिन रविवार को ट्रेन रात 8.30 बजे तक नहीं आई।
इस वजह से तमाम यात्रियों को मुश्किलें उठानी पड़ीं। भोपाल के लिए यात्रा करने वाली दीपिका जैन ने बताया कि वह परिवार के साथ मथुरा, वृंदावन घूमने आई थीं, रविवार को उनकी ट्रेन थी। स्टेशन पर परिवार के साथ कड़ाके की सर्दी में घंटों बैठना पड़ा। ऐसा कई यात्रियों का हाल था। महाकौशल, गीता जयंती, मालवा एक्सप्रेस, नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस समेत एक दर्जन से अधिक ट्रेनें लेट रहीं।