वृंदावन। गोपीनाथ नगला स्थित एक ही इमारत में चल रहे निताई चरण स्कूल और राजकीय जूनियर हाईस्कूल की जर्जर छत रविवार को भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि अवकाश था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। पूर्व में भी इसी स्कूल के एक कमरे की छत गिर चुकी है।
स्कूल में कार्यरत शिक्षामित्र अनिशा ने बताया कि दोनों पाठशालाओं में लगभग 80 बच्चे पढ़ते हैं, रविवार को अवकाश था। सोमवार को जब स्कूल खुला तो जर्जर इमारत की छत नीचे गिरी हुई थी। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी बुद्धसेन सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि शिक्षिका द्वारा प्राथमिक विद्यालय निताई चरण की छत गिरने की सूचना दी है जिस पर बच्चों को हजारीमल सोमानी ग्राउंड स्थित कस्तूरबा विद्यालय में स्थानांतरण करने के लिए बोल दिया है। जब तक स्कूल की मरम्मत नहीं हो जाती है बच्चों को यहां शिफ्ट नहीं किया जाएगा।
डर के साये में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चे
एक तरफ यूपी की योगी सरकार जहां सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अच्छे वातावरण में बेहतर शिक्षा देने का दावा कर रही है, वहीं वृंदावन में शिक्षा विभाग पूरी तरह लापरवाह बना है। नगर में अधिकांश प्राथमिक विद्यालयों की इमारतें जर्जर हालत में हैं, जो कभी भी धराशायी हो सकती हैं। सैकड़ों बच्चे डर के साए में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं।