मथुरा। सपा सांसद रामजीलाल सुमन महान योद्धा राणा सांगा पर टिप्पणी कर विवादों में घिर गए। सनातन धर्म रक्षा पीठ वृंदावन में पीठाधीश्वर कथावाचक कौशल किशोर ने कोर्ट में कार्रवाई के लिए याचिका दायर की। इस पर मंगलवार को एमपी एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने सुनवाई के लिए 5 दिसंबर की तारीख मुकर्रर की है।
कथावाचक कौशल किशोर ठाकुर ने बताया कि सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने महान योद्धा राणा सांगा पर विवादित टिप्पणी की थी। सपा सांसद के खिलाफ कार्रवाई के लिए उन्होंने एमपी एमएलए कोर्ट में याचिका दायर की थी। पिछली सुनवाई पर एमपी एमएलए कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था, लेकिन फैसला नहीं सुनाया। मंगलवार को सुनवाई के बाद पूरे मामले की पुन: सुनवाई का निर्णय लिया है।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर किशन सिंह एवं अधिवक्ता मुकेश कुमार सिंह ने कोर्ट को बताया कि रामजीलाल सुमन ने अपना वक्तव्य सदन में ही नहीं, सदन के बाहर भी दिया था। अपने वक्तव्य पर अडिग रहते हुए क्षमा न मांगने की बात कहकर राष्ट्र के महान योद्धा का अपमान किया है। अधिवक्ता मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि रामजीलाल सुमन के सदन में दिए गए शर्मनाक और अपमानजनक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इससे देश की भावनाओं को आहत करने का काम रामजीलाल सुमन ने किया है। इस पर कोर्ट ने 5 दिसंबर को पुन: सुनवाई की तारीख मुकर्रर की है। सुनवाई के दौरान लक्ष्मण सिंह सिसोदिया, कृष्णा सिसोदिया आदि मौजूद रहे।