वृंदावन(मथुरा)। वृंदावन स्थित श्री धाम वृंदावन ट्रस्ट (रशियन बिल्डिंग) के मालिक रशियन दंपती की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में परत दर परत खुलती जा रही हैं। रशियन बिल्डिंग के मालिक भारत में ही नहीं बल्कि रशिया में भी अपराधी हैं। बताया जा रहा है कि अक्तूबर 2019 में भारत में स्थित रशियन दूतावास ने मथुरा के तत्कालीन एसएसपी शलभ माथुर को फैक्स कर इसकी जानकारी दी थी।
इस पत्र में दूतावास के अधिकारी ने लिखा था कि रशियन दंपती क्रीवोनोसोवा नतालिया और उसके पति रोमानोमा योरोस्वलोव रसिया के अपराधी हैं। इनके द्वारा भारत में अगर कोई आपराधिक गतिविधि की जाती है तो इसकी सूचना दूतावास को दी जाए लेकिन पुलिस ने इनके खिलाफ कार्रवाई करना भी मुनासिब नहीं समझा। इसके बाद लगातार दोनों रशियन दंपती ने फ्लैट दर फ्लैट बिक्री कर डाले। बताया जा रहा है कि 2019 के बाद कई फ्लैटों को बेच दिया और रुपया एकत्रित कर लिया। बिल्डिंग में रहने वाले माधव दास ने बताया कि अगर पुलिस उसी समय दोनों के खिलाफ कार्रवाई करती तो शायद आज यह नौबत नहीं आती।
40 फ्लैट अब भी दंपती के पास
वृंदावन की रशियन बिल्डिंग के लगभग 40 फ्लैट अब भी रशियन दंपती क्रीवोनोसोवा नतालिया और उसके पति रोमानोमा योरोस्वलोव के पास हैं। बताया जा रहा है कि इन फ्लैटों को दोनों अच्छे खासे किराए पर उठाते हैं। स्टूडियो फ्लैट को दस हजार तीन बीएचके को 35 हजार रुपए प्रतिमाह में किराए पर उठाता रहा है।