मथुरा में जमीन विक्रय के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाए जाने के मामले में विधायक योगेश नौहवार ने आरोप निराधार बताए हैं। उन्होंने बताया कि ढाई करोड़ रुपये की जमीन का बैनामा उन्होंने व्यक्ति के कहने पर किया था। ऐसे में अब वह फर्जी आरोप लगाकर उन्हें फंसाने की साजिश कर रहा है। विधायक ने शिकायतकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की भी बात कही है।
जैंत निवासी फतेह सिंह ने मुख्यमंत्री को एक शिकायती पत्र भेजकर विधायक योगश नौहवार पर धोखाधड़ी के आरोप लगए थे। आरोप था कि जमीन का सौदा तय कर उन्होंने पहले दो करोड़ और बाद 6.76 करोड़ की धनराशि दी थी। इसके बाद भी उन्होंने बैनामा नहीं किया। इस मामले में अब विधायक ने फतेह सिंह पर फर्जी आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फतेह सिंह ने दो महिलाओं से ढाई करोड़ रुपये लिए थे।
इसके एवज में उन्होंने जमीन का बैनामा महिलाओं के पतियों के नाम करने की बात स्टांप पर लिखकर दी थी। तभी उन्होंने जमीन का बैनाम कर दिया था, जबकि पूरे रुपये फतेह सिंह ने रख लिए थे। बाद में फतेह सिंह ने क्रेताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें स्वीकार किया था कि विधायक ने जमीन का बैनाम किया है और रुपये उसने खुद लिए हैं। विधायक ने बताया अब एक साजिश के तहत वह उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने फतेह सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और मानहानि का मुकदमा दायर करने की बात कही है।