मथुरा। करवाचौथ पर बाजार की रौनक देखते ही बन रही है। शहर के बाजार सुहागिनों की चूड़ियों, आकर्षक साड़ियां, बिंदी, झुमके, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, मेहंदी और श्रृंगार सामग्री से सज उठे हैं। करवाचौथ पर खरीदारी के लिए पिछले दो दिनों से महिलाओं की भीड़ दुकानों पर उमड़ रही है। किसी दुकान पर झुमके की चमक नजर आई तो कहीं पर चूड़ियों की खनक ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। वहीं दुकानदार भी करवाचौथ को भुनाने में लगे हुए हैं।
शुक्रवार को करवाचौथ का त्योहार है। पति की लंबी उम्र के लिए महिलाएं करवाचौथ का व्रत रखती हैं। इस कामना के साथ महिलाओं का सजने-संवरने का भी अवसर होता है। इसलिए हर कोई कुछ खास खरीदना चाहती है। बाजारों में पारंपरिक श्रृंगार सामग्री के साथ डिजाइनर साड़ियां, लेहंगे और सूट की भी खूब बिक्री हो रही है। इसके अलावा कलरफुल एवं डिजाइनर करवे बाजार की रौनक बढ़ा रहे हैं। जवाहर हाट गौरैया मठ मंदिर के पास करवा बेच रहे तरुण प्रजापत ने बताया कि उसके पास सजी सजाई आरती की थाली, लाल, गुलाबी, हरे कलर के करवा हैं। इसकी खूब बिक्री हो रही है। उसके पास 150 रुपये की सजी हुई थाली, 50 रुपये के डिजाइनर करवा हैं।
खिलने लगे हैं दुकानदारों के चेहरे
छत्ता बाजार में कॉस्मेटिक सामान और आर्टिफिशियल ज्वलैरी बेचने वाले दुकानदार जलज अग्रवाल ने बताया कि पिछले तीन दिनों से दुकानों पर अच्छी खासी भीड़ है। दोपहर बाद से ही महिलाओं की भीड़ आनी शुरू हो जाती है। मंगलवार को बाजार बंद रहता है, इसके बावजूद दुकानों पर रौनक है। होली गेट के पास चूड़ियों के दुकानदार विनय अग्रवाल ने बताया कि इस बार बाजार में पंजाबी, राजस्थानी चूड़े पसंद किए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा इनकी डिमांड बढ़ी है।
मेहंदी की खुशबू और चूड़ियों की खनक
चौक बाजार के दुकानदार पवन सिघंल ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार करवाचौथ की बिक्री बेहतर है। मेहंदी आर्टिस्टों की दुकानें भी दिन भर ग्राहकों से गुलजार रहीं। त्योहार से एक दिन पहले रात भर बाजार में रौनक रहती है। सेठवाड़ा में साड़ियों की बिक्री भी जमकर हो रही है। शहर के मुख्य बाजार, होलीगेट, चौक बाजार, भरतपुर गेट, और कृष्णा नगर क्षेत्र में महिलाओं की चहल-पहल पूरे दिन बनी रही। दुकानदारों ने बताया कि रात तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहेगा।
ब्यूटी पार्लरों में हो गई बुकिंग
ब्यूटी पार्लरों में भी बुकिंग शुरू हो गई है। अपने सजना को रिझाने के लिए महिलाओं ने ब्यूटी ट्रीटमेंट लेना शुरू कर दिया है। कई ब्यूटी पार्लरों में दो दिन तक फुर्सत नहीं है। शुक्रवार की सबसे ज्यादा बुकिंग हैं। मिडोस वेलनेस सेंटर की मैनेजर पूजा कामथ का कहना है कि करवाचौथ पर खासी बुकिंग है। इस दिन के लिए महिलाएं खासतौर पर मेकअप करवाती हैं। पार्लर पर सुबह से शाम तक महिलाएं पहुंच रही हैं।