मथुरा। बरसाना पुलिस ने जैंत थाना क्षेत्र स्थित कुएं में मिले विवाहिता के शव के बाद उसकी हत्या का मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने विवाहिता के हत्यारोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि बरसाना के गांव बिजवारी निवासी विवाहिता 24 अप्रैल को घर से लापता हो गई। परिजन ने जानकारी की तो पता चला कि उसे छाता के गांव सिहाना निवासी विनोद अपने साथ ले गया। ससुराल और मायका पक्ष के लोग विवाहिता को तलाशने में जुटे गए। इधर, 27 अप्रैल को जैंत थाना क्षेत्र गांव चौमुहां निवासी विजय के खेत में बने कुएं में पुलिस ने एक विवाहिता का शव बरामद किया।
विवाहिता के पिता और ससुर ने शिनाख्त की। विवाहिता के पिता के तहरीर पर पुलिस ने विनोद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर स्पष्ट हो गया कि विवाहिता को विनोद बाइक पर बिठाकर ले गया था। विवाहिता और विनोद के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। विवाहिता विनोद के साथ रहना चाहती थी, लेकिन 52 वर्षीय विनोद पहले से शादीशुदा होने के कारण उसे अपने साथ रखना नहीं चाहता था। 24 अप्रैल को ही उसने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया। मंगलवार को हत्यारोपी विनोद को पुलिस ने कामा बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया यहां से उसे जेल भेज दिया।
सीओ गोवर्धन आलोक सिंह ने बताया कि विनोद आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ छाता में विभिन्न धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। विवाहिता के जीजा की मदद से उसकी मुलाकात हुई। विवाहिता तीन माह की गर्भवती थी। विनोद ने अपना पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की।