वृंदावन। संत प्रेमानंद के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद श्रीहित राधा केलिकुंज आश्रम के बाहर साधकों ने लाउड स्पीकर से दीक्षा संबंधी सभी कार्य अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित किए जाने की घोषणा की है। शिष्य की मौत के बाद पहली बार आश्रम द्वारा अधिकारिक घोषणा करने के साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी वीडियो जारी किया गया है।
रमणरेती स्थित श्रीहित राधा केलि कुंज में देशभर से लगातार अपने आश्रम द्वारा दिए गए दिन और समय के अनुसार श्रद्धालु दीक्षा, प्रारंभिक दीक्षा और फाइनल दीक्षा, दीक्षा उपस्थिति के लिए आ रहे हैं। आश्रम के गेट पर तैनात सेवक और साधक श्रद्धालुओं को अंदर जाने से रोकने के साथ ही दीक्षा अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की जानकारी दे रहे हैं। आश्रम प्रबंधन भी आश्रम के बाहर लाउड स्पीकर पर साधकों को दीक्षा के स्थगित होने की जानकारी साझा कर रहा है। उधर आश्रम के नए साधक बंसी अली शरण का चेहरा वीडियो में सामने आया है। इस वीडियो में साधक द्वारा केलिकुंज के अधिकारिक सोशल प्लेट फार्म से अलग राघव मोटीवेशन पर दीक्षा संबंधी जानकारी श्रद्धालुओं को दी गई।
वायरल वीडियो में बंसी अली शरण ने बताया कि दीक्षा, फाइनल दीक्षा, दीक्षा की उपस्थिति और दीक्षा का जो लोग टोकन लेना चाहते हैं, वह स्थगित कर दी गई है। जैसे ही दीक्षा देने का क्रम प्रारंभ होगा तो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लाइव एवं माधव मोटीवेशन के माध्यम से श्रद्धालुओं को बता दिया जाएगा। फिलहाल जो भी भक्त किसी तरह प्रकार का संषय, विचार या सवाल करना चाहते हैं वह शाम को सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। संत के शिष्य की मौत के बाद यह पहला वीडियो और प्रतिक्रिया है, जिसमें दीक्षा संंबंधी जानकारी दी गई, लेकिन घटना को लेकर संत प्रेमानंद और उनके साधकों ने चुप्पी साध ली है।