मथुरा/बरसाना। बरसाना के गांव जानू के माता मंदिर के पास दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर जमील की हत्या करने के बाद गांव हाथिया का माहौल गर्मा गया है। एहतियात के तौर पर गांव हाथिया में आरएएफ मुस्तैद कर दी गई है। हत्यारोपियों को पकड़ने में बरसाना पुलिस नाकाम रही है। दावा जरुर किया जा रहा है कि जल्द ही हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
थाना बरसाना के गांव हाथिया निवासी जमील (22) पुत्र हईक अपने दोस्तों रफीक और आसिफ के साथ डीग के गांव भीमलका जा रहा था। बाइक से जा रहे तीनों दोस्तों पर गांव जानू के माता मंदिर के पास गोलियां बरसाईं गईं। जमील की मौके पर मौत हो गई, जबकि दोनों दोस्त घायल हो गए।
बुधवार की देरशाम तक तो बरसाना पुलिस केवल एक ही हत्या होना बता रही थी, जबकि घायल होने से इनकार कर रही थी। गुरुवार को बरसाना पुलिस ने दो युवकों के घायल होने की पुष्टि कर दी। आसिफ का इलाज जयपुर में चल रहा है और रफीक जिला अस्पताल में भर्ती है। बरसाना पुलिस हत्याकांड को लेकर कितनी संजीदगी बरत रही, यह उसकी कार्यप्रणाली से ही लग रहा है। 44 घंटे बीतने के बाद भी बरसाना पुलिस हत्यारोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है। एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।