मथुरा। सिंचाई विभाग ड्रेनेज भूमि को खाली कराने के लिए प्रयासरत है। शुक्रवार को क्षेत्र में मुनादी कराई गई है। कब्जा धारकों को देकर 24 जनवरी तक अवैध कब्जा नहीं हटाने पर बल पूर्वक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
शुक्रवार को सिंचाई विभाग की टीम ने गणेशरा से लेकर संजय नगर, हरि नगर और शास्त्री नगर तक ड्रेनेज भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले घरों के बाहर मुनादी कराई। विभाग द्वारा 350 से अधिक घरों में से 260 घरों पर लाल निशान लगाते हुए नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई की गई थी। इसके लिए जिलाधिकारी की ओर से छह टीम गठित की गई हैं। एसडीओ नगेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को गणेशरा क्षेत्रों में मुनादी कराई गई है। टीम में इंजी. यतीश अग्रवाल, इंजी. पंचम सिंह, इंजी. विजय, इंजी. पवन माधव उपाध्याय, इंजी. पंजाबी शर्मा, जिलेदार बृजराज सिंह और सींचपाल हरीश शर्मा आदि मौजूद रहे। सिंचाई विभाग द्वारा की गई नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई के बाद से संजय नगर क्षेत्र में रहने वाले निवासी परेशान हैं। यहां क्षेत्र में रह रहीं महिलाओं को सरकार से किसी दूसरे स्थान पर घर दिए जाने की आस है। शुक्रवार को भजन लाल, ओमप्रकाश, सत्यवीर, जयवती, रूपकला, मोनिका, संजू, शिव देवी और रजनी आदि महिलाओं ने सरकार से इस ओर ध्यान देने की अपील की है।
सांसद चंद्रशेखर ने जलशक्ति मंत्री को लिखा पत्र
मथुरा। आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सिंचाई विभाग द्वारा समद नगर और करुणा नगर, मथुरा के लोगों को बेदखली के नोटिस देने पर चिंता जताई है। उन्होंने जल शक्ति एवं सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को पत्र लिखकर सिंचाई विभाग की इस कार्रवाई को सुप्रीम कोर्ट की अवहेलना बताया। उनका कहना है कि इन बस्तियों में रहने वाले निचले तबके के हैं और उनके पास कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं हैं। ऐसे में सिंचाई विभाग की इस कार्रवाई को तुरंत रोका जाए। ब्यूरो