मथुरा। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। सुबह से निकल रही तेज धूप और दोपहर में चल रही गर्म हवाओं के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। सरकारी और निजी स्वास्थ्य केंद्रों में जांच कराने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर सिरदर्द, उल्टी, चक्कर, बुखार, डिहाइड्रेशन और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को हो रही है। चिकित्सकों के अनुसार दोपहर के समय तेज धूप और लू के संपर्क में आने से शरीर में पानी की कमी तेजी से हो रही है, जिससे लोग हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का शिकार बन रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को अत्यधिक गर्मी के समय घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि गर्मी से बीमार हो रहे लोगों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है।