मथुरा। बारिश और बाढ़ के बाद जगह-जगह हुए जलभराव में मलेरिया का मच्छर पनपने लगा है। लोग मलेरिया का शिकार होने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया से निपटने को जिला अस्पताल, प्राथमिक और सामुदायिक केंद्रों पर बेड आरक्षित कर दिए हैं।
यमुना का जल स्तर तो कम हो गया, लेकिन अभी भी जगह-जगह जलभराव के हालात हैं। इस जलभराव में मलेरिया का मच्छर पनपने लगा है। हालांकि जलभराव वाले स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम दवा का छिड़काव कर रही है। वहीं सभी सरकारी अस्पतालों में मलेरिया की दवा तथा बेड आरक्षित कर दिए हैं। सीएमओ डॉ. राधा बल्लभ ने बताया कि बुखार के मरीज की पहले जांच की जा रही है। यदि उसे मलेरिया निकल रहा है तो उसका उपचार किया जा रहा है। जिला अस्पताल में 10, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 5-5 बेड मलेरिया के मरीजों के लिए आरक्षित कर रखे हैं।