मथुरा। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिले की प्रक्रिया चौथे चरण में पहुंच चुकी है। चौथी मेरिट सूची सोमवार को जारी होगी। इससे पहले संस्थान की ओर से तीन चरणों में मेरिट के आधार पर 692 छात्रों को प्रवेश दिया गया। अब विद्यार्थियों को अपनी पसंद के ट्रेड में दाखिले का एक और अवसर मिलेगा।
मथुरा आईटीआई के प्राचार्य किशन स्वरूप ने बताया कि मेरिट सूची में नाम आने वाले विद्यार्थी सोमवार से शुक्रवार तक संस्थान में फिजिकल वेरिफिकेशन करा सकेंगे। इससे पहले विद्यार्थी आईटीआई के पोर्टल पर लॉगइन कर विकल्पों का चयन कर सकेंगे। ट्रेड बदलने का विकल्प केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने पूर्व में आवेदन किया है, लेकिन किसी कारणवश उन्हें सीट आवंटित नहीं हुई या वे वर्तमान विकल्प से संतुष्ट नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि चार राजकीय आईटीआई में 2072 सीटों के सापेक्ष 692 सीटें ही अब तक छात्रों ने प्रवेश लिया है। प्राचार्य ने बताया कि छात्र चारों आईटीआई कॉलेज में पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। सीटें काफी खाली हैं, तकनीकी शिक्षा करने वाले छात्रों के लिए एक अच्छा अवसर है।