बार एसोशिएसन के चुनाव के दौरान कचहरी के बाहर जमा अधिवक्ताओं की भीड़।
मथुरा। बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में 35 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शुक्रवार को मतपेटिकाओं में बंद हो गया। मतदान में अधिवक्ताओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। भीड़ को संभालने के लिए एसएसएफ के जवान जुटे रहे। छुटपुट हंगामे और जोशीले नारों को बीच 94 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। आज सुबह 9 बजे से मतों की गिनती होगी।
बौहरे कन्हैयालाल सभागार में सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हुआ। 3553 अधिवक्ताओं को शाम 5 बजे तक मतदान करना था। इसमें शाम 5 बजे तक 3313 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा और उप निर्वाचन अधिकारी सचिव शिव कुमार लवानिया ने बताया कि शाम तक 6 पदों के लिए 3313 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। करीब 94 प्रतिशत मतदान में 7 मतों को निरस्त कर दिया गया वहीं 16 टेंडर वोट पड़े।
इस दौरान एसपी सिटी राजीव सिंह और सीओ सिटी आशना चौधरी के नेतृत्व में पुलिस बल ने न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा। पहचान पत्र दिखाने पर ही अधिवक्ताओं को मतदान कक्ष में जाने दिया गया। अध्यक्ष पद के लिए 5, उपाध्यक्ष 3, सचिव 12, संयुक्त सचिव 9, कोषाध्यक्ष 4 और ऑडिटर पद के लिए 2 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है। यहां पुलिस और एसएसएफ के जवानों को तैनात किया गया है।
मतदाताओं को लुभाते रहे प्रत्याशी
प्रत्याशी वोट डालने जा रहे अधिवक्ताओं को लुभाते रहे। कचहरी के गेट के बाहर से ही प्रत्याशी के समर्थक मतदाता के पीछे लग उससे अपने पक्ष में मतदान करने के उनकी मनुहार करते रहे। सभागार के बाहर बैरिकेडिंग के सहारे प्रत्याशी लाइन से खड़े होकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते रहे। मतदाता भी प्रत्याशियों को जीत की बधाई देते हुए आगे बढ़ रहे थे।
फोटो खिंचवाने की होड़
मतदान के दौरान अधिवक्ताओं में फोटो खिंचवाने की होड़ मची रही। मतपेटी में अपना मत डालने के दौरान अधिवक्ता मीडिया के कैमरामैनों को खोजते दिखाई दिए। कुछेक अधिवक्ता ऐसे भी थे उन्होंने अपने साथी से मोबाइल फोन से फोटो खिंचवाया।