कोसीकलां। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले गांव दहगांव निवासी दंपती और उनके जवान बेटे का सोमवार रात करीब 11 बजे गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरा गांव बिलख पड़ा। श्मशान घाट पर एक साथ तीनाें की चिताएं एक साथ जलीं तो वहां मौजूद ग्रामवासियों की आंखों से आंसू बह निकले।
गांव दहगांव निवासी हरलाल (55) अपनी पत्नी गुड्डो (50) और बेटे तेजवीर (21) के साथ तीन दिन पहले गाजियाबाद के बागू में अपने रिश्तेदार नरेश कुमार के यहां उनकी बेटी प्रियंका की शादी में शामिल होने गए थे। 21 नवंबर को शादी हुई थी। सोमवार को तीनों को पलवल जाने के लिए ईएमयू ट्रेन पकड़नी थी। इसके लिए वे रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे बागू के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने रेलवे स्टेशन जाने के दौरान तीनों दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पार कर रहे थे। इसी दौरान मेरठ से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर जैसे ही गांव दहगांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। अंतिम संस्कार के दौरान हर आंख नम थी। एक साथ तीन चिताओं को अग्नि के हवाले किए जाने का दृश्य देख लोगों के आंसू थम नहीं रहे थे। संवाद