मथुरा। सर्दी का असर बढ़ते ही बच्चे और बुजुर्गों की सेहत बिगड़ने लगी है। सर्दी लगने के कारण बच्चों व बुजुर्गों के अलावा ज्यादातर लोग बीमार हो रहे हैं। बच्चों में उल्टी-दस्त और निमोनिया की बीमारी हो रही है। डॉक्टरों ने लोगों से इस मौसम में बचकर रहने की सलाह दी है।
तापमान में आ रही गिरावट के बीच लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। गले में खराश, बुखार, सिरदर्द और जुकाम आदि से मरीजों का अस्पतालों में तांता लगने लगा है। इलाज के साथ ही सावधानी बरतने और रोग प्रतिरोधक क्षमता के बनाए रखने की सलाह भी चिकित्सकों द्वारा दी जा रही है।
शहर के जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट), सैंपल कलेक्शन सेंटर, लैब टेस्ट रिपोर्ट सेंटर और रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर मरीज बड़ी संख्या पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मुकुंद बंसल ने बताया कि सर्द मौसम में बचाव न करने से लोग बीमार हो रहे हैं। बच्चे व बुजुर्गों की इम्यूनिटी कम होती है। पहले अस्पताल में प्रतिदिन 450 से 500 मरीज आते थे, जिनमें से 70 से 80 मरीज वायरल बुुखार के होते थे। एक सप्ताह से मरीजों की संख्या तो बढ़ी है, साथ ही वायरल के मरीज भी 140 से 150 मरीज पहुंच रहे है।
सर्दी से बचाव के उपाय
- बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर ही बाहर भेजें।
- ठंडा पेय पदार्थ का सेवन न करें, गर्म पानी पीयें तो अच्छा।
- खुला और बाहर का खाना खाने से बच्चों को बचाएं।
- बुजुर्गों को सुबह-शाम बाहर जाने से परहेज करना चाहिए।
- समस्या होने पर चिकित्सक से संपर्क करें।
- स्वयं कोई दवाई न लें, डॉक्टर से सलाह लेकर ही दवा खाएं।