मथुरा। जनपद को इफको कंपनी की 2624 मैट्रिक टन डीएपी की रैक प्राप्त हुई है। जिसे 311 सहकारी एवं निजी उर्वरक केंद्रों पर भेजा गया है। जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार सिंह ने बताया कि सहकारी समितियों, इफको ई-बाजार, एग्रीजक्शन केंद्र और आईएफएफडी कृषक सेवा केंद्रों पर डीएपी एवं एनपीके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि जनपद में यूरिया 16,748 मैट्रिक टन, डीएपी 8,340 मैट्रिक टन और एनपीके 3,556 मैट्रिक टन उपलब्ध है। 23 सितंबर तक सभी सहकारी समितियों पर डीएपी उपलब्ध करा दी जाएगी। कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण न करें और फसल संस्तुति के अनुसार ही खाद प्राप्त करें। रबी फसलों राई और सरसों के लिए आवश्यकतानुसार ही उर्वरक लें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एक अप्रैल से अब तक 13,121 मैट्रिक टन डीएपी की बिक्री हुई है। जो पिछले वर्ष की तुलना में 3,850 मैट्रिक टन अधिक है। इधर डीएपी की नई खेप आने से किसानों में राहत की लहर है।
विक्रेताओं के लिए सख्त निर्देश
समस्त उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे स्टॉक और बिक्री रजिस्टर अद्यतन रखें। बिक्री रजिस्टर में कृषक का नाम, विवरण और मोबाइल नंबर दर्ज करें। खतौनी देखकर संस्तुति मात्रा के अनुसार ही निर्धारित दर पर बिक्री करें।