कस्बा गोवर्धन में आठ दिसंबर को किरार आश्रम में महंत की हत्या उसके तीन शिष्यों ने की थी। पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस लाइन में आयोजित वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आठ दिसंबर को गोवर्धन स्थित अखिल भारतीय किरार आश्रम में बाबा परमेश्वर दास (55) की गला दबाकर और ईंट से कुचलकर हत्या की गई थी। गोवर्धन पुलिस ने मामले में बाबा के ही तीन शिष्यों राजभान चतुर्वेदी, विमलेश चतुर्वेदी और राहुल गर्ग निवासीगण गांव पुरवाझार थाना अमानगंज जिला पन्ना मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी ने बताया कि तीनों ही महंत के शिष्य थे और उनकी कार्यप्रणाली से क्षुब्ध थे। इसके चलते ही इन्होंने महंत परमेश्वर दास की हत्या की थी। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल किया है।
पुलिस ने किया लूट से इनकार
एसएसपी ने आश्रम से नगदी अथवा आभूषण लूट की संभावना से इनकार किया। जबकि मृतक महंत के गुरुभाई तुलसी दास ने थाने में मौजूद क्षेत्रीय विधायक राजकुमार रावत से कहा था कि किसी धार्मिक आयोजन के लिए मृतक बाबा ने आठ लाख की नकदी और आभूषण एकत्रित किए थे। जो कि अब नहीं हैं। हत्या के बाद निरीक्षण के समय घटनास्थल पर महंत के कमरे में रखी सेफ भी खुली मिली थी।
हत्या के केस में फरार है राहुल
हत्यारोपी राहुल गर्ग उर्फ चुन्नू गांव पुरवा पन्ना मध्य प्रदेश में वर्ष 2013 में एक महिला की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या के मामले में फरार चल रहा है। इस केस में उसे आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महंत ने विमलेश के साथ कुकर्म का प्रयास किया था। इसके चलते विमलेश, उसके भाई राजभान चतुर्वेदी और राहुल गर्ग से महंत का वाद-विवाद और हाथापाई हो गई थी। हाथापाई के दौरान ईंट के प्रहार से महंत घायल होकर बेहोश हो गया और तीनों ने मिलकर महंत की हत्या कर दी।
----