मथुरा। मथुरा डिपो में आई रोडवेज की नई बस।
- फोटो : mathura
मथुरा। रोडवेज की सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए मथुरा डिपो को 10 नई बसें आवंटित की गई हैं। नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही त्योहारों और भीड़भाड़ के समय में बसों की कमी की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
नए बस स्टैंड के स्टेशन अधीक्षक संतोष अग्रवाल ने बताया कि नई बसों को जल्द ही विभिन्न मार्गों पर उतारा जाएगा। इनमें दिल्ली, अलीगढ़, प्रयागराज और जयपुर जैसे प्रमुख मार्गों के साथ-साथ ग्रामीण व आंचलिक क्षेत्रों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। चरणबद्ध तरीके से संचालन शुरू किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से डिपो में बसों की कमी महसूस की जा रही थी। नई बसों के मिलने से यात्रियों को बेहतर सीटिंग सुविधा, समय पर संचालन और सुरक्षित सफर मिलेगा। वर्तमान में डिपो में 160 बसें हैं। नई बसें आने से परिवहन निगम को राजस्व और मिलेगा।
एआरएम मदन मोहन शर्मा ने बताया कि नई बसें आ गई हैं। इससे आने वाले दिनों में त्योहार के दौरान बढ़ती यात्रियों की संख्या में भी बसों की कमी नहीं होगी। इन बसों का संचालन नए बस स्टैंड और आईएसबीटी से किया जाएगा।