मथुरा। जिले की खेल प्रतिभाएं अब मंडल, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रही हैं। इसी क्रम में लखनऊ में आयोजित यूपी बालिका ओलंपिक में जिले की 19 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया।
इन खिलाड़ियों ने हॉकी, फुटबॉल एवं हैंडबॉल खेलों में हिस्सा लिया। फुटबॉल में तो मंडलीय टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि सेमीफाइनल में टीम संघर्षपूर्ण मैच में हार गई। हॉकी और हैंडबॉल में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा, लेकिन खिलाड़ियों को एक बड़े टूर्नामेंट में खेलने का अनुभव हासिल हुआ। ओलंपिक एसोसिएशन के जिला सचिव महेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि जिले की 19 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, हॉकी और हैंडबॉल में मंडलीय टीम की ओर से प्रतिभाग किया। फुटबॉल में टीम सेमीफाइनल तक पहुंची। हॉकी संघ के सचिव शैलेष मिश्रा, एथलेटिक्स संघ के सचिव जयसिंह आदि ने खिलाड़ियाें को बधाई दी है।
इन खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग
केआर डिग्री कॉलेज के शारीरिक प्रशिक्षक डॉ. दलवीर सिंह ने बताया कि फुटबॉल में प्रीती, प्रिया, सिमरन, मनीषा, दीप्ती, लक्ष्मी, राधिका, भूमि, रोशनी एवं सोनम, हैंडबॉल में पूजा, वैष्णवी, खुशी एवं भावना और हॉकी में लक्ष्मी, कृतिका, पूजा, अमृता एवं शिवानी ने प्रतिभाग किया था।