वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर हाईपावर्ड कमेटी की बैठक में कमेटी के अध्यक्ष हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज सेवायतों पर नाराज दिखे। उन्होंने कमेटी के आदेशों का विरोध करने वाले सेवायतों के लिए भी कहा कि जिन आदेशों का वह हवाला देते हैं, सभी आदेशों को उन्होंने भी पढ़ा है। इसलिए किसी को गुमराह करने की कोशिश न करें।
उन्होंने सभी से कहा कि सभी का उद्देश्य है कि मंदिर में अच्छी व्यवस्थाएं हों, लेकिन वह देख रहे हैं कि सेवायत बार-बार मनमानी कर रहे हैं। कमेटी के सदस्यों ने गोस्वामियों से बातचीत करने के बाद ही समय बढ़ाया था, उसके बाद भी विरोध किया गया।
कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि श्री बांकेबिहारी मंदिर के लिए गठित हाईपावर्ड कमेटी के सभी सदस्यों ने मिलकर दर्शन का समय बढ़ाया, लेकिन सेवायतों ने उस आदेश का पालन ही नहीं किया। कमेटी के सदस्य शैलेंद्र गोस्वामी ने खुद ही लिखकर दिया और बाद में मीडिया से कहा कि उनसे प्रेशर बनाकर साइन करवाए। उनको ऐसा नहीं कहना चाहिए था। उन्होंने कमेटी पर बेवजह आरोप लगाए हैं।
मंगलवार को हुई बैठक में भी सेवायत सदस्य नहीं पहुंचे, यह तरीका भी ठीक नहीं है। हर बार कोई न कोई बहाना बनाया जाता है। अगर कोई परेशानी है तो उनसे आकर मिल सकते हैं। मंदिर की बेहतर व्यवस्थाओं को बनाने में सहयोग करें, व्यवधान न खड़ा करें। सभी कुछ ठाकुरजी की प्रेरणा से ही हो रहा है।