बारिश से ताल-तलैया बनी नगरी
मथुरा। बुधवार को तेज बारिश से नगर व देहात क्षेत्र में जलभराव हो गया। नगरी ताल-तलैया बन गई। लोगों व श्रद्धालुओं को दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों ने जलनिकासी की मांग की है। बलदेव विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय व बलदेव विकास मंच संयोजक डाॅ. जगदीश पाठक, कन्हैया लाल पांडेय, सभासद सौरभ पांडेय, सभासद रमाकांत शर्मा, ब्रजेश पांडेय ने नगर पंचायत से नालियाें की सफाई कराने की मांग की है।
इधर सौंख में हल्की बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने से तापमान में कमी आ गई। इससे मौसम सुहाना हो गया। हवा में उमस बढ़ जाने के कारण लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा था। बारिश के बाद चली हवा ने लोगों को राहत दी। किसान गोविंद सिंह, बलजीत सिंह व चंद्रवीर सिंह का कहना है कि बारिश के बाद खेत की रोपाई कर सकेंगे। संवाद
जलमग्न हुआ वृंदावन लोगों ने नगर निगम को कोसा
वृंदावन। दो दिन से उमसभरी गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार की शाम हुई बारिश से राहत तो मिली। हालांकि कई स्थानों पर जलभराव से खासी परेशानी भी उठानी पड़ी। मौसम खुशनुमा होने पर लोगों ने राहत महसूस की, लेकिन जगह जगह हुए जलभराव से राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। स्मार्ट रोड के रूप में विकसित प्रेम मंदिर के सामने भारी जलभराव होने से श्रद्धालु भी परेशान दिखाई दिए। नगर रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल के सामने भी सड़क पर पानी भरने से खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा नगर में जगह जगह जलभराव हो गया।